मंदसौर। दिल्ली के लाल किले के पास हुए धमाके के बाद देशभर में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। इसी कड़ी में मंदसौर पुलिस भी सक्रिय हो गई है। सोमवार देर रात करीब 1 बजे पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा स्वयं पुलिस बल और डॉग स्क्वॉड के साथ अष्टमुखी पशुपतिनाथ मंदिर मेला प्रांगण पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। मेले के साथ ही रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर भी सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।

मेले में दुकानों की तलाशी और आधार कार्ड जांच
पुलिस टीम ने देर रात मेले में लगी दुकानों की तलाशी ली और दुकानदारों के आधार कार्ड की जांच की। झूले, चकरी सहित पूरे मेला प्रांगण में डॉग स्क्वॉड के साथ हर कोने का निरीक्षण किया गया।

रेलवे स्टेशन–बस स्टैंड पर भी कड़ी निगरानी
मेले की जांच के बाद SP मीणा, एडिशनल SP तेर सिंह बघेल, CSP जितेंद्र भास्कर और थाना प्रभारीगण अपनी टीम के साथ रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पहुंचे। यहां यात्रियों की तलाशी ली गई और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई।

किसी तरह का संदिग्ध नहीं मिला
पुलिस के अनुसार पूरे चेकिंग अभियान में कोई संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु नहीं मिली।

SP बोले- “जिले के हर कोने पर हमारी नजर
SP विनोद कुमार मीणा ने बताया दिल्ली में हुआ हादसा दुखद है। सुरक्षा की दृष्टि से चेकिंग अभियान चलाया गया है। मंदसौर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है और जिले के चप्पे–चप्पे पर हमारी नजर बनी हुई है।
