नीमच। वीरेंद्र कुमार सखलेचा शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय के द्वितीय वर्ष के छात्रों ने मंगलवार दोपहर कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर जिला चिकित्सालय तक आने-जाने के लिए नियमित बस या वाहन सुविधा उपलब्ध कराने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
छात्रों ने बताया कि उनकी क्लीनिकल असिस्टिंग ड्यूटी जिला चिकित्सालय में लगाई गई है, जो महाविद्यालय से लगभग चार किलोमीटर दूर स्थित है। इस दूरी को तय करने के लिए न तो सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध है और न ही संस्थान की ओर से कोई वाहन सुविधा दी जा रही है। इस कारण उन्हें प्रतिदिन अस्पताल पहुंचने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
छात्रों ने यह भी उल्लेख किया कि महाविद्यालय से अस्पताल को जोड़ने वाली सड़क पर निर्माण कार्य चल रहा है, जिससे आवागमन और अधिक चुनौतीपूर्ण हो गया है और समय पर ड्यूटी पर पहुंचना कठिन हो रहा है।
छात्र-छात्राओं ने प्रशासन से मांग की कि चिकित्सा सेवाओं में बाधा न आए और वे अपनी ड्यूटी समय पर निभा सकें, इसके लिए नियमित परिवहन सुविधा जल्द उपलब्ध कराई जाए। ज्ञापन सौंपते समय बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ मौजूद रहे।