नीमच। जनजातीय गौरव दिवस 2025 के अवसर पर धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जी की 150वीं जयंती पर जिला पंचायत सभाकक्ष नीमच में जनजातीय उत्पादों की प्रदर्शनी एवं रथ यात्रा का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में भारतीय जनजातीय सहकारी विपणन विकास महासंघ (TRIFED) द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ डिप्टी कलेक्टर श्री चंद्रसिंह धारवे ने किया। उन्होंने कहा कि “जनजातीय समाज द्वारा निर्मित परंपरागत हस्तशिल्प एवं उत्पाद हमारी सांस्कृतिक धरोहर हैं। नई पीढ़ी को इनसे जोड़ना आवश्यक है ताकि यह परंपरा संरक्षित और सुरक्षित रह सके।”
इस अवसर पर TRIFED के उप प्रबंधक ने संगठन के उद्देश्य एवं जनजातीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने से संबंधित जानकारी दी। प्रदर्शनी में जनजातीय कलाकारों द्वारा हस्तशिल्प, औषधीय उत्पाद एवं अन्य सामग्री के स्टॉल लगाए गए, जिनका अधिकारियों ने अवलोकन कर सराहना की।
कार्यक्रम के अंतर्गत भगवान बिरसा मुंडा जी के रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जिसे मुख्य अतिथि डिप्टी कलेक्टर श्री चंद्रसिंह धारवे एवं जनपद सदस्य श्री रतनलाल मालावत ने रवाना किया।
यह रथ जनजातीय बहुल क्षेत्रों में भ्रमण कर जनजातीय संस्कृति तथा शासन की योजनाओं का प्रचार-प्रसार करेगा।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आए जनजातीय समाज के महिला–पुरुष बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।