नीमच। नगर पालिका ने मंगलवार को मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया के मार्गदर्शन में शहर के चार अलग-अलग क्षेत्रों सब्जी मंडी, दशहरा मैदान, ज्ञान मंदिर कॉलेज के सामने और एलआईसी चौराहा पर अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई की।
राजस्व अधिकारी संजय पाटीदार के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में एक निर्माणाधीन पक्की दुकान सब्जी मंडी, दो ढाबे दशहरा मैदान और छह गुमटियां ज्ञान मंदिर कॉलेज व एलआईसी चौराहा से हटाई गईं सीएमओ बामनिया ने साफ चेतावनी दी है कि सार्वजनिक स्थलों पर दोबारा कब्ज़ा करने वालों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई और वसूली की जाएगी।
उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटाने की यह मुहिम निरंतर जारी रहेगी और जल्द ही सप्ताह में 1-2 दिन इसके लिए तय किए जाएंगे। कार्रवाई के दौरान शहर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र मोनू लोक्स और कुछ अन्य लोगों ने भेदभाव करने और बिना नोटिस कार्रवाई करने के आरोप लगाए। दशहरा मैदान के बाबा ढाबा के संचालक ने कहा कि यह कार्रवाई पूरी तरह से भेदभावपूर्ण है। नगर पालिका की कार्रवाई का शिकार केवल हमें ही बनाया गया। बाकी सभी दुकानें और ढाबे दशहरा मैदान में यथावत है। ऐसा क्यों। हमें कोई सूचना भी नहीं दी गई। हालांकि सीएमओ बामनिया ने आरोपों को गलत बताते हुए स्पष्ट किया कि कार्रवाई पूरी तरह निष्पक्षता और नियमों के अनुसार हो रही है।