नीमच। जिले के हरवार और फोफलिया के बीच बीती शाम हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। मृतक की पहचान कारूलाल सेन (45) पिता मथुरालाल सेन निवासी बिसलवास सोनीगरा के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कारूलाल सेन अपनी पत्नी रेखा सेन के साथ मोटरसाइकिल से प्रतापगढ़ रोड पर जा रहे थे। इस दौरान चार पहिया वाहन क्रमांक आरजे 35 सीए 4477 के चालक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

दोनों को उपचार के लिए नीमच जिला अस्पताल लाया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रेफर किया गया। इलाज के लिए ले जाते समय कारूलाल सेन की रास्ते में मौत हो गई। उनके शव का नीमच जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम किया गया। वहीं, उनकी पत्नी रेखा सेन का उपचार अहमदाबाद अस्पताल में जारी है।
