नीमच। जिला कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देश पर बुधवार, 12 नवंबर को नगर पालिका परिषद नीमच और यातायात विभाग की संयुक्त टीम ने गायत्री मंदिर मार्ग पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया।
यह मुहिम डिप्टी कलेक्टर एवं पीओ डूंडा पराग जैन, मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया और यातायात थाना प्रभारी अमित सारस्वत के नेतृत्व में संचालित की गई।
अभियान शाम 5 बजे टीवीएस शोरूम चौराहा से प्रारंभ होकर कमल चौक तक चला और पुनः टीवीएस शोरूम पर आकर शाम 7 बजे समाप्त हुआ। इस दौरान सड़क और फुटपाथ पर बने अतिक्रमण, दुकानों के बाहर लगे शेड, बोर्ड और होर्डिंग्स को हटाया गया।
सड़क पर कचरा फैलाने वाले 7 दुकानदारों के चालान बनाए गए और उनसे कुल 7000 का जुर्माना वसूला गया। कई दुकानों के बाहर रखा सामान भी जब्त किया गया।
अधिकारियों ने गायत्री मंदिर के सामने स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल मैदान, शौचालय परिसर और शनि मंदिर के पास तांगा अड्डा मार्ग पर मौजूद अतिक्रमण तत्काल हटाने के निर्देश भी दिए। दुकानों के बाहर लगे शेड को तीन दिन के भीतर स्वयं हटाने की चेतावनी दी गई है।
कार्रवाई में राजस्व अधिकारी संजय पाटीदार, टेकचंद बुनकर, महावीर जैन, हेमंत सिसोदिया, तेज प्रकाश चोपड़ा, डूडा विभाग के जानकी लाल, स्वच्छता निरीक्षक भारतसिंह भारद्वाज, गोपल नरवाले, हेमंत कलोसिया, योगेश टांकवाल, गगन हरित, रवि भंडारी, राम सिंह और रात्रिकालीन सफाई प्रभारी आकाश घेघट सहित नगर पालिका, पीडब्ल्यूडी, स्वास्थ्य विभाग व यातायात पुलिस के जवान उपस्थित रहे।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया ने बताया कि शहर की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए यह मुहिम निरंतर जारी रहेगी। जो लोग स्वयं अतिक्रमण नहीं हटाएंगे, उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।