मनासा। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम (S.I.R.) के अंतर्गत जिला कांग्रेस कमेटी नीमच के तत्वावधान में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मनासा, रामपुरा और कुकड़ेश्वर द्वारा संयुक्त रूप से प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण शिविर बुधवार को मनासा स्थित वर्धमान जैन धर्मशाला में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में मनासा विधानसभा क्षेत्र के नव-नियुक्त BLA-2 प्रतिनिधि एवं कांग्रेस संगठन के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। प्रशिक्षण का संचालन जिला प्रशिक्षक अनूप जोशी (मंदसौर) और जिला संगठन मंत्री बृजेश मित्तल ने किया। उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं को निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाता सूची के अद्यतन, नाम जोड़ने-बदलने की प्रक्रिया तथा बूथ स्तर पर संगठन की भूमिका की विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री नरेंद्र नाहटा, प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि मंगेश संघई, सत्यनारायण लक्षकार, तीनों ब्लॉकों के अध्यक्ष श्याम सोनी (मनासा), राजू गरासिया (रामपुरा), कैलाश राठौर (कुकड़ेश्वर) सहित मंडलम प्रभारी, मंडल एवं सेक्टर अध्यक्ष, पूर्व व वर्तमान जनप्रतिनिधि, सरपंच-पंच, नपा पार्षद तथा संगठन से जुड़े पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में महिला कांग्रेस की पदाधिकारी मनोरमा मूंदड़ा, शशी कसेरा और उषा व्यास भी शामिल हुईं। अंत में जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों ने सभी कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य को गंभीरता और जिम्मेदारी से पूर्ण करने का आह्वान किया।