मंदसौर। शहर के रामघाट क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जब एक व्यक्ति ने अपने पड़ोसी के पालतू कुत्ते को गोली मार दी। गोली लगने से कुत्ता गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए पशु चिकित्सालय ले जाया गया है।

जानकारी के अनुसार चुन्नीलाल नामक व्यक्ति का पालतू कुत्ता पड़ोसी अनवर पिता जमाल अजमेरी के खेत में चला गया था। इस पर गुस्से में आए अनवर ने अपनी 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक से कुत्ते पर फायर कर दिया। गोली लगते ही कुत्ता लहूलुहान होकर गिर पड़ा, जिसके बाद उसे तत्काल पशु चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी अनवर अजमेरी (उम्र 40 वर्ष, निवासी रामघाट, मंदसौर) को हिरासत में लिया। पुलिस ने आरोपी की बंदूक जब्त कर ली है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने बिना किसी उचित कारण के फायर किया, जिससे पशु को गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 335 (जानबूझकर पशु को चोट पहुंचाने का अपराध) और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
