मंदसौर। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत जिले में मतदाताओं को गणना प्रारूप वितरण का कार्य तेज गति से जारी है। जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों में बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं को यह प्रारूप प्रदान कर रहे हैं।
आरओ स्वयं फील्ड में जाकर वितरण कार्य का निरीक्षण कर रहे हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी आरओ और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने क्षेत्र के बीएलओ की प्रतिदिन समीक्षा करें और गणना प्रारूप निर्धारित समय सीमा में प्रत्येक मतदाता तक पहुंचाना सुनिश्चित करें।
जिले के 1136 मतदान केंद्रों पर 10 लाख 53 हजार 641 मतदाताओं को गणना प्रारूप वितरित किए जाएंगे। यह प्रक्रिया 4 नवंबर से शुरू होकर 4 दिसंबर तक जारी रहेगी।
गणना प्रारूपों की पर्याप्त मात्रा जिला मुख्यालय से विधानसभा मुख्यालयों और फिर बीएलओ तक पहुंचा दी गई है, ताकि यह कार्य समय पर पूरा हो सके।
इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाना है, ताकि प्रत्येक पात्र मतदाता आगामी चुनाव में अपने मताधिकार का सुचारू रूप से उपयोग कर सके।