नीमच। प्रदेश में चल रही विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एस.आई.आर.) प्रक्रिया के अंतर्गत आम आदमी पार्टी (आप) नीमच के जिला पदाधिकारियों का प्रशिक्षण शिविर आज पार्टी के जिला कार्यालय पर संपन्न हुआ। प्रशिक्षक के रूप में उपस्थित इंजीनियर नवीन कुमार अग्रवाल ने विस्तृत रूप से गणना पत्रक भरने की प्रक्रिया समझाई और प्रत्येक बिंदु पर क्रमवार जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त बी.एल.ओ. (BLO) का हर स्तर पर सहयोग किया जाए, ताकि वास्तविक मतदाता सूची तैयार हो सके और किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से न कटे।
अग्रवाल ने कहा कि हर कार्यकर्ता को मतरक्षक की भूमिका निभानी होगी। बिहार की तर्ज पर किसी भी तरह की गड़बड़ी या फर्जीवाड़ा नहीं होना चाहिए। हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होना हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने आगे कहा कि आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान “वोट चोरी” के प्रमाण निर्वाचन आयोग के समक्ष प्रस्तुत किए थे, लेकिन उस समय अन्य दलों ने सहयोग नहीं किया। आज की परिस्थितियाँ और भी चुनौतीपूर्ण हैं, जब आयोग सत्ता पक्ष के दबाव में कार्य कर रहा है। ऐसे में हमें अधिक सतर्क रहकर नागरिकों के मताधिकार की रक्षा करनी होगी।
अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि बी.एल.ओ. जब भरे हुए गणना पत्रक मतदाता से प्राप्त करे, तो प्रत्येक मतदाता को उसकी पावती अवश्य दी जाए। यह पावती भविष्य में साक्ष्य के रूप में काम आएगी, यदि किसी मतदाता का नाम सूची में न जुड़ पाए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा प्रत्येक मतदाता को दो प्रतियों में गणना पत्रक दिया जा रहा है, अतः इसकी निगरानी आवश्यक है। किसी भी गड़बड़ी की स्थिति में संबंधित विधानसभा क्षेत्र के मुख्य निर्वाचन अधिकारी या एस.डी.एम. को लिखित शिकायत सौंपी जानी चाहिए।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में चंद्रेश सेन, नरेंद्र पाटीदार, जाबिर हुसैन, प्रह्लाद काबरा, भगतराम पाटीदार, कंवरलाल गायरी और पेंशनर संघ के बालचंद वर्मा ने अपने-अपने सुझाव प्रस्तुत किए। कार्यक्रम के अंत में आभार उदयलाल चौहान द्वारा व्यक्त किया गया।