शाजापुर। पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश लेकर रजक समाज के वरिष्ठ समाजसेवी राजू भाई वसीटा (आयु 65 वर्ष, निवासी बदलापुर–मुंबई) द्वारा चलाई जा रही साइकिल यात्रा का बुधवार को शाजापुर में आत्मीय स्वागत किया गया।
यह चौथी बार है जब वसीटा ने “स्वस्थ शरीर, स्वस्थ पर्यावरण” का संदेश लेकर देशभर में जनजागरण के उद्देश्य से यात्रा प्रारंभ की है। उनकी यह यात्रा 9 नवम्बर से 20 नवम्बर 2025 तक चलेगी। यात्रा की शुरुआत बदलापुर (महाराष्ट्र) से हुई है और इसका समापन नई दिल्ली में होगा। इस दौरान वे महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश के अनेक जिलों से गुजरते हुए 1430 किलोमीटर से अधिक दूरी तय करेंगे।
शाजापुर पहुंचने पर अखिल भारतीय साहित्य परिषद, शाजापुर के अध्यक्ष जितेन्द्र देवतवाल ‘ज्वलंत’ ने वसीटा का पुष्पमालाओं से स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा वसीटा जी जैसे वरिष्ठ समाजसेवी हमारे लिए प्रेरणा हैं। जिस उम्र में लोग विश्राम चुनते हैं, उस उम्र में वे समाज को स्वास्थ्य और पर्यावरण का संदेश देने के लिए साइकिल यात्रा कर रहे हैं यह अनुकरणीय उदाहरण है।
इस दौरान अनेक समाजसेवक, साहित्यकार और नगरवासी उपस्थित रहे। सभी ने वसीटा के जज़्बे और सेवा भावना की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएँ दीं। राजू भाई वसीटा की यात्रा के प्रमुख पड़ावों में नाशिक, धुले, सेंधवा, पीथमपुर, शाजापुर, बिनागंज, शिवपुरी, ग्वालियर, आगरा, मथुरा, कोसीकलां और अंत में नई दिल्ली शामिल हैं। अखिल भारतीय साहित्य परिषद, शाजापुर की ओर से वसीटा को उनके साहस, संकल्प और सेवा भावना के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित की गईं।