नीमच। निर्वाचक नामावली के गहन पुनरीक्षण 2026 के दौरान मतदाताओं को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने और 2003 से अब तक की मतदाता प्रविष्टियों को आयोग की वेबसाइट से खोजने में सहायता हेतु नगर पालिका कार्यालय, नीमच में हेल्प डेस्क स्थापित की गई है।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा प्राप्त निर्देशों के अनुसार यह हेल्प डेस्क नगर पालिका कार्यालय के प्रथम तल पर संचालित की जा रही है। हेल्प डेस्क पर मतदाताओं को गणना पत्रक के अनुसार आवश्यक विवरण उपलब्ध कराया जाएगा।
नगर पालिका परिषद, नीमच के कार्यालय अधीक्षक कन्हैयालाल शर्मा ने बताया कि हेल्प डेस्क कार्यालय समय में अवकाश के दिन भी खुली रहेगी, ताकि अधिकतम संख्या में मतदाता इसका लाभ ले सकें। हेल्प डेस्क के लिए कमलेशकुमार व्यास (केशीयर, नगर पालिका नीमच) को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके अतिरिक्त अन्य कर्मचारियों और कंप्यूटर ऑपरेटरों की भी तैनाती की गई है, जो मतदाताओं को जानकारी खोजने और शंकाओं के समाधान में सहयोग करेंगे।
कार्यालय अधीक्षक शर्मा ने नीमच शहर के सभी मतदाताओं से अपील की है कि यदि मतदाता सूची में अपने या परिवार के सदस्यों की जानकारी खोजने में कठिनाई आ रही हो, तो वे नगर पालिका कार्यालय स्थित हेल्प डेस्क पर संपर्क कर अपनी समस्या का समाधान प्राप्त करें और अपने मताधिकार को सुरक्षित रखें।