रतलाम। भावांतर भुगतान योजना 2025 के तहत सोयाबीन विक्रेता किसानों के लिए 13 नवंबर को 4130 रुपए प्रति क्विंटल का नया मॉडल रेट जारी किया गया है। यह दर उन किसानों पर लागू होगी जिन्होंने अपनी उपज को मान्यता प्राप्त मंडी प्रांगणों में विक्रय किया है। इसी मॉडल रेट के आधार पर किसानों को मिलने वाली भावांतर राशि की गणना की जाएगी।
सोयाबीन के मॉडल रेट में पिछले दिनों लगातार बढ़ोतरी देखी गई है। 7 नवंबर को पहला मॉडल रेट 4020 रुपए प्रति क्विंटल जारी हुआ था। 8 नवंबर को यह बढ़कर 4033 रुपए हुआ। 9 और 10 नवंबर को 4036 रुपए मॉडल रेट जारी किया गया। 11 नवंबर को यह बढ़कर 4056 रुपए पहुंचा। 12 नवंबर को 4077 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया। अब 13 नवंबर को मॉडल रेट बढ़कर 4130 रुपए प्रति क्विंटल हो गया है, जिससे किसानों में उत्साह देखा जा रहा है।