रतलाम। सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग ने जानकारी दी कि भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में 15 नवंबर को आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में 11 से 15 नवंबर तक ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में रथ यात्रा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। रथ यात्रा 14 नवंबर को ग्राम सैलाना से प्रारंभ होकर अडवानिया, सकारवदा, शिवगढ़, बासिन्द्रा होते हुए रावटी पहुंचेगी। वहीं 15 नवंबर को रावटी से बाजना तक रथ यात्रा निकाली जाएगी।
जागरूकता और जनजागरण का संदेश-
रथ यात्रा का उद्देश्य समाज में जागरूकता बढ़ाना, विभागीय योजनाओं का प्रचार-प्रसार करना तथा जनजागरण का संदेश व्यापक रूप से पहुँचाना है। यात्रा के दौरान रथ पर आकर्षक झाँकियाँ, संदेशात्मक पोस्टर एवं प्रचार सामग्री प्रदर्शित की जा रही है, जिनके माध्यम से नागरिकों को विभाग की योजनाओं, कार्यक्रमों एवं समाजसेवा से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
ग्रामीण से शहरी क्षेत्रों तक भव्य स्वागत-
रथ यात्रा का ग्रामीण अंचलों से लेकर शहरों तक नागरिकों द्वारा उत्साहपूर्वक स्वागत किया जा रहा है। जगह-जगह पुष्पवर्षा से अभिनंदन किया जा रहा है तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से यात्रा का सम्मान किया जा रहा है। इस रथ यात्रा का मुख्य उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक जनकल्याणकारी योजनाओं की सटीक एवं समयबद्ध जानकारी पहुँचाना है।