नीमच। केंट थाना क्षेत्र में डायल-112 स्टाफ ने अपनी त्वरित कार्रवाई और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एक छात्र का महत्वपूर्ण दस्तावेजों से भरा बैग ढूंढकर उसे सुरक्षित लौटाया और एफआरव्ही वाहन से समय पर परीक्षा केंद्र भी पहुँचाया।
राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल में 14 नवंबर 2025 को सुबह 11.30 बजे कॉल प्राप्त हुई कि जबलपुर से प्रतियोगी परीक्षा देने आए एक छात्र का बैग ऑटो में छूट गया है। बैग में एडमिट कार्ड, पहचान पत्र, प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज थे, जिनके बिना परीक्षा देना संभव नहीं था।
सूचना मिलते ही केंट क्षेत्र में तैनात डायल-112 वाहन को तुरंत मदद के लिए भेजा गया। महिला प्रधान आरक्षक संतोष नारेड़ा और पायलट दीपचंद मौके पर पहुँचे और छात्र से पूरी जानकारी ली। छात्र ने बताया कि परीक्षा के तनाव में वह जल्दबाजी में ऑटो से उतर गया और उतरते समय बैग वहीं रह गया।
डायल-112 स्टाफ ने तुरंत ऑटो वाहनों में तलाश शुरू की। कुछ ही देर में बैग सुरक्षित मिल गया, जिसे तुरंत छात्र को सौंप दिया गया। इसके बाद एफआरव्ही वाहन से उसे रिपोर्टिंग टाइम के भीतर परीक्षा केंद्र पहुँचा दिया गया।
डायल-112 की इस त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई ने न केवल छात्र की चिंता दूर की, बल्कि यह भी साबित किया कि आपात स्थितियों में डायल-112 सेवा भरोसे, सहायता और मानवीयता का सशक्त प्रतीक है।