नीमच। हेलो किड्स स्कूल में इस वर्ष बाल दिवस केवल उत्सव तक सीमित नहीं रहा, बल्कि बच्चों में जागरूक नागरिक बनाने की दिशा में एक सार्थक प्रयास साबित हुआ। चाचा नेहरू की जयंती पर आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में शिक्षा, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रभावी संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम में यातायात प्रभारी सोनू बडगूजर अपनी टीम सहित तथा साइबर सेल के सदस्य उपस्थित रहे। टीम ने बच्चों को सरल और रोचक तरीके से हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व, साइबर अपराधों से बचाव, तथा गुड टच-बैड टच जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया।
मां सरस्वती और चाचा नेहरू के चित्र पर दीप प्रज्वलन के बाद बच्चों ने यातायात नियमों पर आधारित एक शानदार नाटक प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित सभी लोगों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम की सबसे प्रेरणादायी झलक रही स्कूल परिसर के बाहर बच्चों द्वारा राहगीरों का अनूठा सम्मान। हेलमेट या सीट बेल्ट पहनकर चलने वालों को बच्चों ने धन्यवाद दिया, वहीं नियमों का पालन न करने वालों को गुलाब का फूल देकर यातायात सुरक्षा के प्रति प्रेरित किया। यह पहल सभी के लिए अनुकरणीय संदेश देकर गई।
विद्यालय परिवार ने यातायात प्रभारी सोनू बडगूजर एवं उनकी टीम का स्मृतिदृचिह्न देकर सम्मान किया। इस अवसर पर डायरेक्टर शैलेंद्र पोरवाल, इंदु पोरवाल, प्राचार्य रेखा शर्मा, सुधीर कविश्वर, सलोनी जैन सहित विद्यालय का पूरा स्टाफ उपस्थित रहा।