नीमच। शहर की सड़कों पर बढ़ते अतिक्रमण, निराश्रित पशुओं के आवागमन और स्वच्छता से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए 14 नवंबर को यातायात थाना परिसर में नगर पालिका द्वारा एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डिप्टी कलेक्टर एवं पीओ डूडा पराग जैन ने की। इस अवसर पर तहसीलदार अजेंद्रनाथ प्रजापति, मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया, यातायात थाना प्रभारी सोनू बडगूजर सहित व्यापारी संगठन के प्रतिनिधि, होटल व्यवसायी, पशुपालक और पार्षदगण उपस्थित रहे।
बैठक में व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों और संगठन पदाधिकारियों से सुझाव प्राप्त किए गए। चर्चा के बाद यह निर्णय लिया गया कि शहर में सड़कों पर विचरण कर रहे निराश्रित पशुओं को हटाकर गौशाला भेजने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। साथ ही दुकानों के बाहर फुटपाथ और सड़कों पर किए गए अतिक्रमण को हटाने हेतु प्रभावी मुहिम चलाई जाएगी।
होटल और अन्य व्यवसायियों को अपने प्रतिष्ठानों पर डस्टबिन रखने, पॉलिथीन का उपयोग पूर्णतः बंद करने और कचरा केवल कचरा गाड़ी में ही डालने के लिए जागरूक किया जाएगा। बैठक में यह स्पष्ट रूप से कहा गया कि पशुपालक अपने पशुओं को खुले में न छोड़ें तथा व्यापारी और आमजन अपनी दुकानों व घरों के बाहर अतिक्रमण न करें। नियम उल्लंघन की स्थिति में निराश्रित पशुओं को पकड़ने पर भारी जुर्माना और अतिक्रमण मिलने पर जप्ती तथा चालानी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में नगर पालिका परिषद के सदस्य रामचंद्र धनगर, शशि कल्याणी, रानी साबिर मसूदी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।