रतलाम। कलेक्टर मिशा सिंह के कुशल नेतृत्व में, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत के निर्देशन में तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी के मार्गदर्शन में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 11 नवंबर से 20 नवंबर तक समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों पर विशेष वजन अभियान चलाया जा रहा है। इस विशेष अभियान में आंगनबाड़ी केंद्र पर सुपरवाइजर एवं परियोजना अधिकारी के द्वारा प्रतिदिन सुबह 9 से 10 के मध्य व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से आंगनवाड़ी के खुलने की रिपोर्टिंग ली जा रही है एवं प्रत्येक सुपरवाइजर अपने सेक्टर में भ्रमण करके स्वयं बच्चों के वजन अपनी निगरानी में कर रही है।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों में दर्ज सभी बच्चों का वजन एवं ऊंचाई लेकर उसे पोषण ट्रैकर एप पर दर्ज करना है, जिससे कि उनके पोषण स्तर का पता लग सके और यदि बच्चा कम वजन की श्रेणी में आता है तो उसका समुचित उपचार किया जाकर उसे स्वस्थ श्रेणी में लाया जा सके। इस वजन अभियान की समीक्षा प्रतिदिन मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत के द्वारा वीसी के माध्यम से की जा रही है एवं समस्त विभागीय अमले को निरंतर फील्ड में भ्रमण करने हेतु प्रेरित किया जा रहा है।