खरगोन। जिले के ग्राम भातुड के किसान अविनाश दांगी को सोयाबीन भावांतर भुगतान योजना के अंतर्गत शासन द्वारा लाभ प्रदान किया गया है। किसान दांगी ने कुल 46.75 क्विंटल सोयाबीन का विक्रय 3901 रुपये प्रति क्विंटल के दर से किया था। इस योजना के तहत शासन द्वारा सोयाबीन का मॉडल भाव 4020 रुपये तथा समर्थन मूल्य 5328 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया था। निर्धारित दरों के आधार पर शासन ने किसान दांगी को अंतर की 61148 रुपये की लाभ राशि का भुगतान किया है।
कृषक दांगी जैविक खेती कर खरगोन जिले के अलावा इंदौर, दिल्ली, बैंगलोर जैसे शहरों में जैविक उत्पाद का विक्रय करते हैं। इंदौर स्थित जैविक सेतु पर भी वे अपने उत्पाद बिक्री के लिए ले जाते हैं। अविनाश के घर गौशाला भी है, जिसके माध्यम से जीवामृत, बीजामृत जैसे जैविक उत्पाद तैयार कर खेती में उपयोग करते हैं। कृषक दांगी ने बताया कि उन्होंने कृषि विभाग की सहायता से सिंचाई हेतु ड्रिप सिस्टम और अन्य योजनाओं का लाभ भी प्राप्त किया है। कृषक दांगी ने मुख्यमंत्री और कृषि विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया है।