उज्जैन। विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर के आसपास रोजाना लगने वाले जाम और लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 6 जिलों से आए 40 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को मंदिर के आसपास तैनात किया गया है। इन पुलिसकर्मियों का काम न केवल जाम नियंत्रित करना है, बल्कि श्रद्धालुओं को एंट्री और एग्जिट पॉइंट समझाने और रास्ता दिखाने में भी मदद करना होगा।
एडीजी उमेश जोगा ने मंदिर के आसपास लगातार लग रहे लंबे जाम और श्रद्धालुओं की समस्या को देखते हुए मंदसौर, रतलाम, आगर, शाजापुर, देवास और नीमच से 40 पुलिसकर्मियों की तैनाती के लिए स्वीकृति मांगी थी।
शनिवार को ये पुलिसकर्मी उज्जैन पहुंचे। उनके कार्य और ड्यूटी समझाने के लिए डीआईजी नवनीत भसीन स्वयं हरसिद्धि चौराहे पर मौजूद रहे। डीआईजी भसीन ने सभी पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि वे देश भर से आने वाले श्रद्धालुओं के सामने विनम्र रहें, चौराहों पर लगने वाले जाम में मदद करें और श्रद्धालुओं को रास्ता दिखाएं।
डीआईजी भसीन ने बताया कि ये 40 पुलिसकर्मी सिर्फ महाकाल मंदिर और उसके आसपास के क्षेत्र में ही तैनात रहेंगे और इन्हें यातायात विभाग से जोड़ा गया है, ताकि मंदिर के आसपास जाम की समस्या में राहत मिले। शनिवार को सभी पुलिसकर्मियों को उनके कार्य स्थल और जिम्मेदारियां स्पष्ट कर दी गई हैं।