मंदसौर। जनजातीय गौरव दिवस पर जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम ग्राम बालोदिया (जनपद पंचायत मंदसौर) में गरिमापूर्ण ढंग से आयोजित हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर ने की। इस वर्ष भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती समापन वर्ष होने पर विशेष आयोजन किया गया। कार्यक्रम स्थल पर अलीराजपुर, जबलपुर तथा गुजरात के नर्मदा जिले में प्रधानमंत्री की उपस्थिति वाले राष्ट्रीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी दिखाया गया।
कार्यक्रम में सांसद बंशीलाल गुर्जर, विधायक विपिन जैन, राजेश दीक्षित, जनपद अध्यक्ष बसंत शर्मा, सीईओ जिला पंचायत अनुकूल जैन, जिला संयोजक अंगुरबाला एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मेधावी छात्र-छात्राओं चिन्तामन, गुनगुन, हर्ष पंवार व रंजना दाहिने को 1,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। छात्राओं शकुंतला, पुष्पा, हसीना और हेमलता को सर्वाेच्च अंक प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। राज्य प्रशासनिक सेवा में चयनित शुभम निनामा को भी विशेष सम्मान दिया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों व आदिवासी लोकनृत्य ने दर्शकों को आकर्षित किया।
सांसद गुर्जर ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजों की शोषणकारी नीतियों के विरुद्ध संघर्ष कर आदिवासी समाज को संगठित किया। विधायक विपिन जैन ने कहा कि बिरसा मुंडा का योगदान भारतीय इतिहास में सदैव स्मरणीय रहेगा। कार्यक्रम में ग्रामीणों और युवाओं की बड़ी सहभागिता रही।