बरलाई। ग्राम भारती मनासा द्वारा संचालित सरस्वती शिशु मंदिर बरलाई में बाल दिवस हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि समाजसेवी उज्ज्वल पटवा (कुकड़ेश्वर), ग्राम पंचायत बरलाई के सरपंच प्रतिनिधि सुनील पाटीदार, संयोजक डॉ. कारूलाल वर्मा, वरिष्ठ पत्रकार शिवनारायण नागदा सहित अतिथियों द्वारा मां सरस्वती एवं देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण कर तथा फीता काटकर किया गया। अतिथियों का स्वागत महेंद्र सिंह मीणा और लक्ष्य नागदा द्वारा किया गया।
मुख्य अतिथि पटवा ने अपने संबोधन में कहा कि सरस्वती शिशु मंदिर से शिक्षा प्राप्त करने वाले भैया-बहन आगे चलकर अपने माता-पिता और गांव का नाम गौरवान्वित करते हैं। कम संसाधनों के बावजूद विद्यालय में दी जा रही शिक्षा सराहनीय और विशिष्ट है। उन्होंने आचार्य परिवार के कार्यों की प्रशंसा करते हुए उन्हें राष्ट्र निर्माण में अग्रसर बताया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा घर से लाए गए पानीपुरी, पोहा, नमकीन, भेलपुरी, पॉपकॉर्न सहित विभिन्न व्यंजनों के स्टॉल लगाए गए, जिनका अतिथियों और ग्रामीणों ने अवलोकन कर सराहना की। बाल मेले का ग्रामीणों ने भी उत्साहपूर्वक आनंद लिया। कार्यक्रम का सफल संचालन सुनीता पाटीदार ने किया तथा अंत में आभार संयोजक डॉ. कारूलाल वर्मा ने व्यक्त किया।