झाबुआ। भारत निर्वाचन आयोग की निदेशक श्रीमती शुभ्रा सक्सेना एवं सचिव श्री विनोद कुमार द्वारा आज प्रदेश के सभी जिलों के कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक आयोजित की गई बैठक में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश संजीव कुमार झा भी उपस्थित रहे।
बैठक में प्रदेश में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) 2026 की जिलेवार प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। आयोग द्वारा एन्यूमरेशन फॉर्म के वितरण के उपरांत बीएलओ ऐप पर डिजिटाइजेशन की गति को और अधिक बढ़ाने के निर्देश दिए गए इस बैठक में जिले से कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नेहा मीना वर्चुअली जुड़े।
वीसी के उपरांत कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नेहा मीना ने जिले के सभी निर्वाचन रजिस्ट्री अधिकारियों एवं सहायक निर्वाचन रजिस्ट्री अधिकारियों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक ली। उन्होंने बताया कि जिले में एन्यूमरेशन फॉर्म वितरण का कार्य 99.9 प्रतिशत तक पूर्ण हो चुका है, उन्होंने निर्देशित किया कि वितरण के पश्चात् एन्यूमरेशन फॉर्म का संग्रह कर उनका डिजिटाइजेशन बीएलओ ऐप के माध्यम से तत्परता से पूरा कराया जाए।
उन्होंने सभी निर्वाचन रजिस्ट्री अधिकारियों को प्रतिदिन का लक्ष्य निर्धारित कर कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, साथ ही सेक्टर सुपरवाइजरों को बीएलओ के कार्यों की सतत मॉनिटरिंग करने के लिए कहा।
बैठक के दौरान अपर कलेक्टर सी.एस. सोलंकी, सहायक कलेक्टर आशीष कुमार, उप जिला निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार मंडलोई, मास्टर ट्रेनर्स एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।