नीमच। 14 से 16 नवम्बर तक बैंगलुरु में आयोजित विद्याभारती राष्ट्रीय तैराकी प्रतियोगिता में एस एस वी एम एवं स्विमफ्लाय स्पोर्ट्स क्लब की प्रतिभाशाली तैराक अंशिका श्याम पाण्डे और इशिका मनोज फुलवारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नीमच का परचम लहराया। यह जानकारी वॉटर स्पोर्ट्स मेंटॉर प्रभु मूलचंदानी एवं मोटिवेटर राकेश कोठारी द्वारा दी गई।
प्रतियोगिता में अंशिका श्याम पाण्डे ने दमदार प्रदर्शन करते हुए 2 सिल्वर मैडल व 1 ब्रॉन्ज़ मैडल, कुल 3 पदक अपने नाम किए। वहीं इशिका मनोज फुलवारी ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अपने दोनों इवेंट्स में 2 ब्रॉन्ज़ मैडल जीतकर नीमच और प्रदेश को गौरवान्वित किया। दोनों खिलाड़ी कुल 5 नेशनल मैडल जीतकर स्विमफ्लाय की चमक एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर बिखेरने में सफल रहीं।
इनकी सफलता के पीछे कोच सुधा सोलंकी, आयुष गौड़, समीर जादोन, नीलेश घावरी, अभिषेक अहीर और रोहित अहीर की कड़ी मेहनत, खिलाड़ियों की निरंतर मेहनत, अनुशासन और जुनून महत्वपूर्ण रहा। साथ ही पेरेंट्स का मजबूत सहयोग और इच्छा शक्ति ने भी इन उपलब्धियों को खास बनाया। स्विमफ्लाय परिवार ने दोनों प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।