नीमच। मध्यप्रदेश सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी संघ, जिला नीमच ने मुख्यमंत्री के नाम आज जिला कलेक्टर कार्यालय पर ज्ञापन सौंपकर पशुपालन विभाग में प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा कृत्रिम गर्भाधान के कार्य में बनाए जा रहे अनुचित दबाव और मनमानी पर संज्ञान लेने की मांग की है। ज्ञापन में बताया गया है कि विभागीय अधिकारी कार्यकर्ताओं पर एक-एक व्यक्ति द्वारा प्रतिदिन 20 कृत्रिम गर्भाधान करने का दबाव डाल रहे हैं, जो किसी भी परिस्थिति में संभव नहीं है। संघ का कहना है कि इससे केवल कागजी आँकड़े तैयार किए जा रहे हैं, जबकि पशुपालकों को वास्तविक लाभ नहीं मिल रहा। संघ के पदाधिकारी ने बताया कि कृत्रिम गर्भाधान एक वैज्ञानिक और प्राकृतिक प्रक्रिया है और इसे उचित परिस्थितियों में ही सफलतापूर्वक किया जा सकता है। इसके बावजूद विभागीय अधिकारी आंकड़ों के लिए अनावश्यक दबाव डाल रहे हैं। जो अमानवीय और अनुचित है।संघ ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि इस मामले में तत्काल संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई की जाए, ताकि विभागीय कार्यकर्ता और पशुपालक दोनों ही वास्तविक लाभ प्राप्त कर सकें।