नीमच। हैदराबाद में 15 से 18 नवम्बर तक आयोजित 25वीं राष्ट्रीय पैरा तैराकी चौंपियनशिप 2025 में स्विमफ्लाय स्पोर्ट्स क्लब, नीमच के प्रतिभाशाली खिलाड़ी भव्यादित्य चंद्रपाल सिंह राठौड़ ने इतिहास रच दिया। भव्यादित्य ने 50 मीटर एवं 100 मीटर बैक स्ट्रोक में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो सिल्वर मेडल अपने नाम किए और पूरे प्रदेश तथा जिले को गौरवान्वित किया।
भव्यादित्य नीमच जिले के पहले पैरा स्विमर हैं जिन्होंने राष्ट्रीय पैरा तैराकी प्रतियोगिता में हिस्सा लेते हुए दो पदक जीतकर नीमच को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई। निस्संदेह यह क्षण पूरे जिले के लिए अत्यंत गौरवशाली है।
वॉटर स्पोर्ट्स मेंटॉर प्रभु मूलचंदानी एवं मोटिवेटर राकेश कोठारी ने बताया कि भव्यादित्य में असाधारण क्षमता है। वे पिछले तीन वर्षों से स्विमफ्लाय स्पोर्ट्स क्लब एवं नगरपालिका स्विमिंग पूल में निरंतर मेहनत कर रहे हैं। प्रशिक्षण में प्रारंभिक बेस देने वाले कोच अभिषेक अहीर, स्ट्रोक करेक्शन में योगदान देने वाली सुधा सोलंकी, और मेहनत से निखार लाने वाले आयुष गौड़, साथ ही नीलेश घावरी व समीर सिंह का मार्गदर्शन इस उपलब्धि का मजबूत आधार रहा। यह विजय टीमवर्क और समर्पण का सुंदर परिणाम है।
स्विमफ्लाय स्पोर्ट्स क्लब, नगरपालिका स्टाफ, पूल स्टाफ और अभिभावकों ने भव्यादित्य को हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। भव्यादित्य ने यह सिद्ध कर दिया है कि नीमच के खिलाड़ी किसी भी राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का परचम लहरा सकते हैं और कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने सपनों को नई उड़ान दे सकते हैं।