नीमच। जिले के केसपुरा नयागांव क्षेत्र में पर्यावरण और सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए गंभीर संकट खड़ा हो गया है। खेड़ापति बालाजी मंदिर आश्रम के आसपास जहरीले कचरे का विशाल ढेर जमा होने से लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। आश्रम के महंत हरिओम गिरी ने जनसुनवाई में कलेक्टर को आवेदन सौंपकर तुरंत हस्तक्षेप की मांग की है। महंत हरिओम गिरी के अनुसार, आश्रम के पास स्थित खेतकृजो विजय सिंह पिता गौतम सिंह के नाम पर दर्ज है, उसमें जयपुर निवासी ठेकेदार दीपक शर्मा द्वारा लगातार जहरीला कचरा डाला जा रहा है। इससे उठने वाली तेज बदबू, हवा में उड़ती ज़हरीली धूल, और पॉलिथीन ने पूरे क्षेत्र को प्रदूषण की चपेट में ले लिया है। बरसात के दिनों में कचरे से निकलने वाला दूषित पानी आसपास के कुओं में घुसकर पानी को जहरीला बना रहा है, जिससे ग्रामीणों में बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। सबसे दर्दनाक बात यह कि इस इलाके में स्थित चारागाह में चरने वाली कई गायें पॉलिथीन निगलने से दम तोड़ चुकी हैं। महंत ने साफ कहा है कि यदि यह कचरा तत्काल नहीं हटाया गया, तो स्थिति गंभीर रूप से स्वास्थ्य आपदा में बदल सकती है। उन्होंने प्रशासन से जल्द से जल्द कार्रवाई कर कचरे को हटवाने, जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई करने और क्षेत्र को प्रदूषण मुक्त कराने की मांग की है। स्थानीय लोगों की उम्मीदें अब प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं।