नीमच। जिले के जावद तहसील अंतर्गत ढाबी गांव की निवासी चन्द्री बाई ने कुटरचित दस्तावेज तैयार कर कृषि भूमि हड़पने का आरोप लगाते हुए जिला कलेक्टर को आवेदन सौंपा है। महिला का कहना है कि उसकी मां राधीबाई के नाम की मौजा भोलियावास स्थित सर्वे नंबर 295/मिन-01, रकबा 0.2500 हेक्टेयर कृषि भूमि को कुछ लोगों ने कूटरचित दस्तावेज तैयार कर धोखे से अपने नाम दर्ज करा लिया है। चन्द्रीबाई के अनुसार यह भूमि वर्ष 2001 में विधिवत पंजीयन कर क्रय की गई थी, और माता के निधन उपरांत वारिस होने के नाते यह जमीन राजस्व अभिलेखों में उसके नाम दर्ज थी। लेकिन हाल ही में जब उसने तहसील कार्यालय से नकल निकलवाई तो पता चला कि फर्जी दस्तावेजों के आधार पर नामांतरण कर जमीन पर कब्जा कर लिया गया है। आवेदन में चंद्रीबाई ने बताया कि जब वह और उसका पुत्र इस संबंध में विपक्षी रामगोपाल धाकड़ से मिले तो उसने खुलेआम कहा कि फर्जी रजिस्ट्रियाँ हमने कई बार कराई हैं, पुलिस में कई मामले लटके हैं, तुम हमारा कुछ नहीं बिगाड़ सकते। भूमि बेच भी दूँगा, रोक सको तो रोक लेना। इस कथित बयान ने पीड़िता को हिलाकर रख दिया। महिला ने अपने आवेदन में कलेक्टर से मांग की है कि कूटरचित दस्तावेजों की जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाए, अवैध रूप से दर्ज नाम हटाए जाएँ, तथा जमीन से विपक्षियों का अवैध कब्जा हटवाकर पुनः उसका हक बहाल किया जाए। पीड़िता का कहना है कि वह पिछले कई वर्षों से न्याय के लिए भटक रही है। अब उसने जिला प्रशासन से त्वरित हस्तक्षेप की मांग की है।