चित्तौड़गढ़। भारत के लौह पुरुष एवं स्वतंत्र भारत के प्रथम गृहमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती वर्ष पर पूरे देश में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में दिल्ली से सरदार पटेल की जन्मस्थली की ओर प्रस्थान करने वाली गंगा प्रवाह यूनिटी मार्च यात्रा राजस्थान होते हुए गुजरेगी। यात्रा की तैयारियों को लेकर मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय, जयपुर में प्रदेश स्तरीय तैयारी बैठक संपन्न हुई। भाजपा जिला मीडिया प्रभारी मनोज पारीक ने बताया कि बैठक में चित्तौड़गढ़ जिले की ओर से जिलाध्यक्ष रतनलाल गाडरी, यात्रा संयोजक एवं जिला महामंत्री रघु शर्मा, यात्रा समन्वयक सूर्यपाल सिंह गौड़ तथा युवा मोर्चा प्रदेश मॉनिटरिंग टीम सदस्य प्रिंस शर्मा ने भाग लिया। बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा राजस्थान प्रभारी डॉ. राधामोहन अग्रवाल ने कहा कि सरदार पटेल का राष्ट्रनिर्माण में योगदान अद्वितीय है। आज़ादी से पूर्व अंग्रेजों के विरुद्ध जनआंदोलन से लेकर आज़ादी के बाद 525 रियासतों के सफल विलीनीकरण तक, उन्होंने देश को एक सूत्र में पिरोने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक कांग्रेस ने पटेल के योगदान को देश के सामने रखने में उदासीनता दिखाई, जबकि वर्तमान केंद्र सरकार ने उनके राष्ट्रभावना से भरे कार्यों को उचित सम्मान दिलाया है। वर्षभर चलने वाले कार्यक्रम इसी श्रंखला का हिस्सा हैं। प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि अखिल भारतीय स्तर पर निकल रही यह यात्रा विभिन्न मार्गों से चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ते हुए सरदार पटेल की जन्मभूमि पर पहुंचेगी। राजस्थान में यह यात्रा अलवर - सवाई माधोपुर - कोटा - चित्तौड़गढ़ - उदयपुर होते हुए गुजरात में प्रवेश करेगी। इसे गंगा प्रवाह यात्रा नाम दिया गया है। इसी प्रकार जयपुर से शुरू होने वाली दूसरी यात्रा पाली - जोधपुर - सिरोही मार्ग से गुजरात जाएगी। दोनों यात्राओं में जनप्रतिनिधि व पार्टी पदाधिकारी सहभागी बनेंगे और राजस्थान के सभी जिलों में यात्रा का भव्य स्वागत किया जाएगा। जिला अध्यक्ष रतनलाल गाडरी ने बताया कि यूनिटी मार्च यात्रा 24 नवंबर को सांवलियाजी पहुंचेगी। यात्रा के स्वागत, व्यवस्थाओं एवं स्थानीय तैयारियों के लिए जिले में अलग-अलग टीमों का गठन किया जाएगा और शीघ्र ही आवश्यक बैठक आयोजित होगी।