नीमच। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार चलाए जा रहे ऑपरेशन मुस्कान के तहत मनासा पुलिस ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। अभियान के दौरान कुल 17 गुमशुदा व्यक्तियों को सुरक्षित दस्तयाब कर उनके परिवारों से मिलाया गया।
पुलिस अधीक्षक नीमच अंकित जायसवाल के निर्देशन में जिले के सभी थाना प्रभारी को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसोदिया एवं एसडीओपी मनासा सावेरा अंसारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मनासा निरीक्षक शिव रघुवंशी और उनकी टीम ने यह सफलता हासिल की।
अभियान के लिए थाने से विशेष टीमें गठित की गईं, जिन्होंने अन्य जिलों और राज्यों की पुलिस से समन्वय, संदिग्ध स्थानों पर लगातार सर्च, तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग और मुखबिर तंत्र का सक्रिय उपयोग किया। इन प्रयासों से कई परिवारों के चेहरों पर फिर से मुस्कान लौट आई।
सराहनीय योगदान-
अभियान में थाना मनासा टीम के उनि. सपना राठौर, सउनि. दिलीप कलमोदिया, सउनि. गोविन्द सिंह राठौर, प्रआर. गुड्डुलाल गुर्जर, प्रआर. मनोहर बैरागी, प्रआर. गिरीराज प्रसाद, आर. कुशलपाल, आर. अंकित जोशी तथा म.आर. माया पाटीदार का विशेष योगदान रहा।