रतलाम। जिले के जावरा औद्योगिक थाना क्षेत्र की सरसी चौकी पर मंगलवार सुबह दो बड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। सुंदरकांड समिति सरसी द्वारा संगीतमय सुंदरकांड का भव्य आयोजन चौकी प्रभारी शिवेंद्र कुमार और पुलिस बल की मौजूदगी में किया गया। भक्तों की बड़ी संख्या में मौजूदगी ने माहौल को आध्यात्मिक बना दिया। माना जाता है कि सुंदरकांड पाठ से मानसिक शांति और भक्ति भाव बढ़ता है। इसके बाद पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर सामुदायिक पुलिसिंग के तहत ‘‘जिम्मेदार मर्दानगी एवं महिला-बालिका सुरक्षा में पुरुषों की भूमिका’’ विषय पर नगर सुरक्षा समिति के सदस्यों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में जावरा सीएसपी युवराज सिंह चौहान, जावरा ग्रामीण एसडीओपी संदीप मालवीय, औद्योगिक थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान और हुसैन टेकरी चौकी प्रभारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बालाजी महाराज की प्रतिमा पर पूजा अर्चना कर कार्यक्रम की शुरुआत की। सीएसपी चौहान ने कहा कि ग्राम एवं नगर रक्षा समिति पुलिस की सहकर्मी है और महिलाओं-बच्चों पर होने वाले अपराधों की रोकथाम में इनकी भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने समिति को समाज और पुलिस के बीच मजबूत “संवाद सेतु” बनने की जिम्मेदारी भी सौंपी। कार्यशाला के दौरान समिति के सदस्यों को टी-शर्ट, टोपी और व्हिसलें वितरित की गईं ताकि वे त्योहारों, चुनावों और आयोजनों के दौरान पहचान और समर्पण के साथ बेहतर तरीके से सार्वजनिक सुरक्षा में सहयोग कर सकें। कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस बल पूरे समय मौजूद रहा।