नीमच। जिले में सहकारी समितियों, मार्कफेड के डबल लॉक केंद्रों और निजी विक्रेताओं के माध्यम से अब तक 29,019 मीट्रिक टन उर्वरक का वितरण किया जा चुका है। वितरण के बाद भी जिले में 17,429.17 मीट्रिक टन उर्वरक उपलब्ध है। प्रशासन का दावा है कि किसानों को आवश्यकता अनुसार खाद बिना किसी बाधा के मिल रही है।
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी किसान को खाद प्राप्त करने में कोई असुविधा न हो। उन्होंने कृषि विभाग को सभी खाद वितरण केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने और गुणवत्ता परीक्षण हेतु नमूने लेने के निर्देश भी दिए हैं।
कलेक्टर ने यह भी कहा कि किसानों को उर्वरक केवल निर्धारित दरों पर ही उपलब्ध कराया जाए। यदि कहीं अधिक मूल्य वसूली की शिकायत मिलती है तो संबंधित संस्था या विक्रेता के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
निर्देशों के पालन में उप संचालक कृषि पी.सी. पटेल एवं टीम ने विकासखंड नीमच के निजी विक्रेता श्रीदेव कृषि बाजार, महू रोड और सहकारी समिति जमूनिया कलां का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उर्वरक के नमूने लिए गए, जिन्हें गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा।