नीमच। सामाजिक जागरूकता और सेवा भाव के प्रति समर्पित महावीर इंटरनेशनल प्रियदर्शिनी ने बुधवार को गरिमा प्रोजेक्ट के अंतर्गत संदीपनि शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नीमच कैंट में छात्राओं को 100 सेनेटरी नैपकिन पैकेट वितरित किए। इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं में माहवारी स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना और इससे जुड़ी झिझक को दूर करना है।
कार्यक्रम की शुरुआत “मेरी भावना” प्रार्थना के साथ हुई। इसके बाद डिप्टी डायरेक्टर आशा सांभर ने महावीर इंटरनेशनल द्वारा संचालित विभिन्न सामाजिक कल्याण गतिविधियों की जानकारी साझा की।
नीमच-रतलाम ज़ोन की चेयरपर्सन रेखा अनुराग जैन ने छात्राओं को माहवारी के दौरान होने वाली शारीरिक और मानसिक चुनौतियों के बारे में बताया। उन्होंने स्वच्छता बनाए रखने, सेनेटरी नैपकिन के सही उपयोग और पर्यावरण के अनुकूल निस्तारण के तरीकों पर व्यावहारिक एवं वैज्ञानिक जानकारी देते हुए कहा कि माहवारी कोई झिझक का विषय नहीं, बल्कि प्राकृतिक प्रक्रिया है जिसे समझना और संभालना आवश्यक है।
महावीर इंटरनेशनल के अध्यक्ष प्रदीप धाकड़ ने संस्था की निरंतर जनसेवा की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्य जारी रहेंगे।
कार्यक्रम में संतरा विरवाल, अनुराग जैन, संगीता भामावत, उमा शर्मा, किशोर नान्देचा, प्राचार्य किशोर सिंह जैन, महेश शर्मा, रितु शर्मा सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम का संचालन मंजुला धीर ने किया।