मुरैना। जिले में कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ एक्शन मोड में हैं। जौरा तहसील के ग्रामीण इलाकों के औचक निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने रेत माफियाओं पर बड़ा शिकंजा कस दिया। दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को मौके से जप्त कराया, वहीं लापरवाही पर एक पटवारी को तत्काल निलंबित कर दिया। कलेक्टर की ताबड़तोड़ कार्रवाई ने पूरे प्रशासनिक अमले में हड़कंप मचा दिया है।
सबलगढ़ और जौरा तहसील के कई गांवों में कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ एसडीएम शुभम शर्मा के साथ अचानक निरीक्षण पर पहुंचे, भ्रमण के दौरान निधान गांव में उनकी नजर रेत से भरे दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर पड़ी, जो तेज रफ्तार से मौके से निकलने की कोशिश कर रहे थे, कलेक्टर ने तुरंत पुलिस को बुलाकर दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जौरा थाने में जप्त कराकर थाने में बंद कराया। चालक मौके से फरार हो गए, ग्रामीणों की शिकायतें सुनते हुए कलेक्टर ने कीरतपुर गांव की पटवारी रजनी इंदौरिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। कलेक्टर ने खाद्यान्न दुकानों, स्कूलों और गो-शाला का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया। कलेक्टर की यह कार्रवाई न केवल रेत माफियाओं पर लगाम लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण है। बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों की मूलभूत सुविधाओं को सुधारने पर भी केंद्रित है। जौरा एसडीएम शुभम शर्मा ने बताया कि कलेक्टर के साथ ग्रामीण इलाकों का भ्रमण करते समय चंबल नदी से रेत का उत्खनन करने वाले दो ट्रैक्टर ट्राली दिखे तत्काल उन्हें रोक कर पुलिस को बुलाकर राजसात की कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों की हर समस्या को प्राथमिकता पर हल किया जा रहा है। कोई भी अधिकारी या कर्मचारी लापरवाही करेगा तो उसके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी।