मुरैना। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत जीवाजी गंज में संचालित कोचिंग संस्थानों में आए दिन विवाद और मारपीट की घटनाएँ सामने आ रही हैं। ताज़ा मामले में आज एक छात्रा के साथ कुछ युवकों ने मारपीट कर दी, जिसमें छात्रा को कई स्थानों पर चोटें आई हैं। बढ़ते घटनाक्रम को देखते हुए पुलिस द्वारा चेकिंग पॉइंट भी लगाए गए हैं, लेकिन घटनाओं पर अंकुश लगता नहीं दिख रहा।
जानकारी अनुसार जीवाजी गंज क्षेत्र में दो सौ से अधिक कोचिंग संस्थान संचालित हो रहे हैं, जिनमें कई गंभीर खामियां भी पाई जाती हैं। कई कोचिंग सेंटरों में छात्रों के बैठने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है, फिर भी छात्रों की संख्या लगातार बढ़ाई जा रही है। यह सब सरकार की निर्धारित गाइडलाइन के विपरीत हो रहा है।
सबसे गंभीर मामला यह है कि कई कोचिंग संचालक शासकीय शिक्षक हैं, जो स्कूल समय का पालन न करते हुए निजी कोचिंग चला रहे हैं। कुछ शिक्षक स्कूल उपस्थिति दर्ज करवाकर शिक्षण कार्य से अनुपस्थित रहते हैं, जबकि अनेक शिक्षक स्कूल समय में ही कोचिंग पढ़ाते पाए गए हैं। इसके बावजूद, अब तक प्रशासन द्वारा किसी भी स्तर पर ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
जीवाजी गंज क्षेत्र में पहले भी फायरिंग जैसी घटनाएं हो चुकी हैं, परंतु कोचिंग संचालकों पर प्रभावी कार्रवाई न होने से छात्रों और स्थानीय लोगों में नाराजगी व्याप्त है।
अब देखना यह है कि मुरैना के नवागत कलेक्टर लोकेश जांगिड़ इस गंभीर मुद्दे पर क्या कदम उठाते हैं और कोचिंग संस्थानों पर नियंत्रण एवं नियमन के लिए क्या कार्रवाई की जाती है।