मुरैना। जिले में अवैध रेत माफियाओं पर पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने चंबल नदी की रेत से भरी दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को पकड़ा है। कार्रवाई के दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दोनों चालकों को गिरफ्तार कर पुलिस ने वाहनों को वन विभाग के सुपुर्द कर दिया है। मामला नेशनल हाईवे 44 स्थित केएस चौराहे का है। मुरैना में अवैध रेत का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा। लेकिन पुलिस लगातार शिकंजा कस रही है। आज सुबह सिविल लाइन थाना पुलिस को सूचना मिली कि चंबल नदी से रेत भरकर दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियां शहर की ओर लाई जा रही हैं। सूचना पर पुलिस ने तुरंत घेराबंदी की और नेशनल हाईवे 44 के केएस चौराहे पर दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को पकड़ लिया। कार्रवाई देखते ही रेत माफियाओं में अफरा-तफरी मच गई,मौके पर मौजूद दोनों चालकों को पुलिस ने दबोच लिया। सिविल लाइन थाने में लाए गए वाहनों को वन विभाग को सौंप दिया गया है। विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर रेत की सैंपलिंग कर रही है। पुलिस का कहना है कि अवैध उत्खनन कर चंबल नदी से भरकर रेत शहर में बेचने लाया जा रहा था। लेकिन इसके पहले ही दोनों ट्रैक्टर पकड़ लिए गए,मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है। जहां अवैध रेत का कारोबार लंबे समय से सक्रिय बताया जा रहा है। थाना प्रभारी का कहना है कि सूचना मिली थी कि चंबल नदी से अवैध रेत लेकर दो ट्रैक्टर आ रहे हैं। घेराबंदी कर दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को पकड़ा गया है। रेत की सैंपलिंग वन विभाग द्वारा की जा रही है और आगे की कार्रवाई जारी है। वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचकर राजसात की कार्यवाही करने में जुट गए हैं। दोनों आरोपियों को पुलिस जेल भेजने का काम करेगी।