नीमच। जिले में निष्क्रिय बैंक खातों को पुनः सक्रिय करने के उद्देश्य से 1 अक्टूबर से 31 दिसंबर 2025 तक सभी ब्लॉकों में डीईएएफ जमाकर्ता शिक्षा एवं जागरूकता कोष के तहत विशेष कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में गुरुवार को कलेक्टर कार्यालय परिसर में एक दिवसीय विशेष कैंप का आयोजन हुआ। कैंप का उद्देश्य पिछले दस वर्षों से निष्क्रिय पड़े खातों का त्वरित और पारदर्शी निपटान कर नागरिकों को उनके जमा धन के सुरक्षित उपयोग से पुनः जोड़ना है। शिविर में आए लोगों को उनके निष्क्रिय खातों से संबंधित पूरी जानकारी उपलब्ध कराई गई तथा आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन तेजी से किया गया। लीड बैंक द्वारा नियुक्त विशेष टीम ने मौके पर ही खाता सत्यापन, पुनः सक्रियता एवं पात्र जमाकर्ताओं को मार्गदर्शन प्रदान किया। कैंप में बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया और बैंकिंग सेवाओं के पुनः लाभ के लिए आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कराईं। अग्रणी बैंक प्रबंधक शीतांशु शेखर ने बताया कि जनहित में ऐसे विशेष कैंप आगामी दिनों में जिले के विभिन्न स्थानों पर लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को बैंकिंग सेवाओं का लाभ मिल सके।