अशोकनगर। शहर से सटे पलकाटोरी गांव के पास औद्योगिक क्षेत्र में निर्माण कार्य शुरू होने के बाद लगभग 16 से 17 परिवारों को तहसीलदार द्वारा बेदखली जगह खाली करने नोटिस जारी किए गए हैं। ये परिवार पिछले 30 सालों से इस जगह पर निवास कर रहे हैं।
यह क्षेत्र मूल रूप से उद्योग विभाग द्वारा लोगों को रोजगार स्थापित करने के लिए आवंटित किया गया था। इन 16-17 परिवारों में लगभग 60-70 महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल हैं। नोटिस के बाद इन सभी को अपनी जगह खाली करने को कहा गया है।
नोटिस मिलने के बाद सभी प्रभावित परिवार गुरुवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे। उनके साथ ग्राम पंचायत सरपंच गंगा बैरागी भी मौजूद थीं। उन्होंने कलेक्टर को एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें अपनी स्थिति स्पष्ट की।
सरपंच गंगा बैरागी ने कलेक्टर से मुलाकात कर प्रशासन से मांग की कि इन परिवारों को वहां से न हटाया जाए। उन्होंने तर्क दिया कि इतने लंबे समय से रह रहे इन लोगों का आसरा छिन जाएगा और इस मौसम में उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने सभी परिवारों को वहीं रहने देने का आग्रह किया।