नीमच। श्री सीताराम जाजू शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय की एमएसडब्ल्यू प्रथम एवं तृतीय सेमेस्टर की छात्राओं ने गुरुवार को भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा संचालित ब्लड बैंक का शैक्षणिक भ्रमण किया। यह भ्रमण कक्षा शिक्षिका संगीता शर्मा एवं सिमरन खान के मार्गदर्शन में लगभग 25 छात्राओं के दल द्वारा किया गया।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. प्रतिभा कालानी की अनुमति के बाद छात्राएं संस्थान पहुंचीं, जहां संस्था संचालक एवं परियोजना निदेशक सत्येंद्र सिंह राठौड़ ने ब्लड बैंक की कार्यप्रणाली, रक्त संग्रहण, सैंपलिंग प्रक्रिया तथा रक्त से जुड़ी आवश्यक जानकारियों से अवगत कराया। छात्राओं को रक्त संबंधी विभिन्न बीमारियों, उनके उपचार तथा थैलेसीमिया जैसी गंभीर बीमारी के कारणों और उससे बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
एमएसडब्ल्यू विभागाध्यक्ष डॉ. रश्मि वर्मा ने छात्राओं को समाजकार्य के क्षेत्र में रक्त से संबंधित समस्याओं, उनके समाधान तथा समाज में जागरूकता फैलाने की जिम्मेदारी के प्रति प्रेरित किया। भ्रमण के दौरान छात्राओं ने ब्लड बैंक की तकनीकी प्रक्रियाओं का अवलोकन कर महत्वपूर्ण ज्ञान अर्जित किया।