भौरासा। थाना पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर 1,60,000 रुपये मूल्य के सीएट कंपनी के 9 बड़े ट्रैक्टर टायर चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर सराहनीय सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से एक देशी 12 बोर का कट्टा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया है।
जानकारी के अनुसार 25 नवंबर 2025 को फरियादी आनंद कुमार द्विवेदी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके कंटेनर का ताला काटकर अज्ञात चोरों ने भौरासा कंजर नाका और बीआर रिसोर्ट के बीच 9 बड़े ट्रैक्टर टायर चोरी कर लिये। मामले में भोरासा पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया था
एसपी पुनीत गेहलोद के मार्गदर्शन में एसडीओपी दीपा मांडवे के निर्देशन ओर थाना प्रभारी प्रीति कटारे के नेतृत्व में टीम गठित कर जांच शुरू की गई। इसी दौरान संदेही कपिल पिता पर्वत कंजर निवासी कंजर नाका सुमराखेड़ी को पकड़ा गया। तलाशी में आरोपी के कब्जे से अवैध 12 बोर का कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद किए, जिस पर उसे आर्म्स एक्ट की धारा 25 में गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर कंटेनर से टायर चोरी किए और उन्हें रोड किनारे खंती में छुपा दिया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर 9 चोरी गए टायर, एक नीला कटर एवं वारदात में प्रयुक्त बजाज पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की। कुल 2 लाख 50 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।
थाना प्रभारी प्रीति कटारे ने बताया कि पुलिस टीम ने मौके पर तत्परता से कार्रवाई करते हुए कम समय में चोरी का पर्दाफाश किया और आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस फरार साथियों की तलाश में जुटी है।