नीमच। कलेक्टर कार्यालय परिसर में वाहनों की सुरक्षा को लेकर प्रश्नचिह्न खड़ा हो गया है। बुधवार दोपहर कार्यालय परिसर से NIC विभाग में कार्यरत कर्मचारी की मोटरसाइकिल चोरी हो गई। पीड़ित आरिफ कादरी के अनुसार, इससे पहले भी परिसर से 2-3 वाहन चोरी हो चुके हैं, लेकिन अब तक किसी भी चोरी हुए वाहन का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
नेटवर्क इंजीनियर मो. आरिफ कादरी ने बताया कि उन्होंने अपनी हीरो होंडा मोटरसाइकिल (क्रमांक MP 43 ME 4193) को दोपहर लगभग 12:30 बजे कार्यालय परिसर स्थित SBI ATM के पास खड़ा किया था। वे अंदर अपनी नियमित ड्यूटी पर थे। लेकिन जब लगभग 2:30 बजे लंच के बाद वाहन लेने पहुँचे, तो मोटरसाइकिल गायब मिली।
घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित कर्मचारी ने थाना नीमच कैंट में बाइक चोरी की लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई। कलेक्टर कार्यालय जैसे सुरक्षित माने जाने वाले परिसर से बार-बार वाहन चोरी की घटनाएँ सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं।