मंदसौर। शासकीय उत्कृष्ट माध्यमिक विद्यालय मंदसौर में बुधवार को जिला स्तरीय जैवविविधता क्विज प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता मध्यप्रदेश राज्य जैवविविधता बोर्ड द्वारा कराई गई, जिसमें जिले के 93 विद्यालयों की टीमों ने भाग लिया। प्रत्येक टीम में तीन-तीन विद्यार्थी शामिल थे।
प्रतियोगिता में लोटस वैली स्कूल मंदसौर की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गुर्जर बर्डिया द्वितीय स्थान पर रहा, जबकि शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मंदसौर ने तृतीय स्थान हासिल किया।
विजेता टीमों को कलेक्टर अदिति गर्ग, वनमण्डल अधिकारी बीरेन्द्र कुमार पटेल और जिला शिक्षा अधिकारी टेरेसा मिन्ज ने प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। प्रदेश जैवविविधता बोर्ड की ओर से विद्यार्थियों को स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक भी प्रदान किए गए।
इस अवसर पर कलेक्टर अदिति गर्ग ने विद्यार्थियों को मंदसौर जिले की जैवविविधता, वन संपदा तथा चीता पुनर्वास परियोजना के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। वहीं वनमण्डलाधिकारी पटेल ने छात्रों को जैवविविधता संरक्षण से जुड़े करियर अवसरों के बारे में मार्गदर्शन दिया।
अब राज्य स्तर पर देगा दमखम-
जिले में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम अब 12 दिसंबर 2025 को आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय ऑनलाइन जैवविविधता क्विज में भाग लेगी। राज्य स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को क्रमशः 30 हजार, 24 हजार और 18 हजार रुपए की पुरस्कार राशि के साथ प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे।
अनुभूति कार्यक्रम के तहत शैक्षणिक भ्रमण-
दिसंबर माह में विजेता टीमों को ‘अनुभूति कार्यक्रम’ के तहत गांधीसागर वन्यजीव अभ्यारण्य का शैक्षणिक भ्रमण भी कराया जाएगा।