बड़वानी। जिले के सेंधवा में एक युवक पर आदिवासी युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का आरोप लगा है। युवती के परिजनों और स्थानीय सामाजिक संगठनों ने पुलिस को ज्ञापन सौंपकर मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस के अनुसार, युवती बालिग है और फिलहाल वन स्टॉप सेंटर में सुरक्षित है। अधिकारियों का कहना है कि यदि जांच में जबरन धर्म परिवर्तन या शादी के लिए दबाव साबित होता है, तो आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा और जयस संगठन ने इस मामले को गंभीर बताते हुए पुलिस से एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों और संगठनों से चर्चा के बाद फिलहाल स्थिति नियंत्रण में होने की जानकारी दी है।