मंदसौर। महिला एवं बाल विकास विभाग तथा जिले की प्रभारी मंत्री निर्मला भूरिया आज मंदसौर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम रिछालालमुहा स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित सांसद खेल महोत्सव के समापन कार्यक्रम में शामिल हुईं। समापन कार्यक्रम में सांसद सुधीर गुप्ता, जिला योजना समिति सदस्य राजेश दीक्षित, जनपद अध्यक्ष बसंत शर्मा, नानालाल अटोलिया, प्रीतेश चावला, सरपंच मधुसूदन पाटीदार सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में विद्यालय के विद्यार्थी उपस्थित रहे।
प्रभारी मंत्री भूरिया ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। खेल से शारीरिक एवं मानसिक विकास होता है तथा अनुशासन, टीम भावना और एकाग्रता विकसित होती है। सरकार की मंशा है कि आने वाली पीढ़ी हर क्षेत्र में सक्षम और निपुण बने, इसी उद्देश्य से प्रत्येक विद्यालय में सांसद खेल महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक खेल गतिविधियों में भाग लेने का आह्वान करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री भूरिया ने ग्राम रिछालालमुहा में आंगनबाड़ी भवन की स्वीकृति की घोषणा भी की। कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों को सहभागिता प्रमाण पत्र वितरित किए गए तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद सुधीर गुप्ता ने कहा कि विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करनी चाहिए और खेल को भी जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि 2047 तक देश को नंबर वन बनाने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। खेल से टीमवर्क और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है, जो जीवन में सफलता के लिए आवश्यक है।