नीमच। जिला न्यायालय परिसर में स्थित ए.डी.आर. सेंटर में मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार 13 दिसंबर 2025 को नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया गया। उद्घाटन समारोह में माननीय प्रधान जिला न्यायाधीश वीरेन्द्र सिंह राजपुत ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यापर्ण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर विशेष न्यायाधीश आलोक कुमार सक्सेना, प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय डॉ. कुलदीप जैन, जिला न्यायाधीश राकेश कुमार शर्मा, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रवि कुमार बौरासी, अन्य न्यायाधीशगण, खंडपीठ सदस्यगण, पैरालीगल वॉलंटियर्स और न्यायिक कर्मचारियों सहित जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के उपरांत जिले में गठित 18 खंडपीठों द्वारा लोक अदालत की कार्यवाही शुरू की गई, जो सायं 5:30 बजे तक चली।
नेशनल लोक अदालत के माध्यम से कुल 401 न्यायालय में लंबित प्रकरणों में से 375 प्रकरण निराकृत हुए, जिससे 1000 व्यक्ति लाभान्वित हुए। लंबित प्रकरणों में मोटरयान दुर्घटना के 12 प्रकरणों में कुल 77,77,000/- रुपये का अवार्ड पारित किया गया। चेक अनादर के 100 प्रकरणों में 1,88,53,067/- रुपये का अवार्ड मिला। इसके अतिरिक्त 124 मामूली आपराधिक प्रकरणों में 9,62,621/- रुपये का अवार्ड पारित किया गया। इसके साथ ही 25 अन्य सिविल प्रकरण, 30 विद्युत अधिनियम से संबंधित प्रकरण और 50 पारिवारिक विवाद समेत कुल 375 लंबित प्रकरणों का निपटारा हुआ।
लोक अदालत में कुल 3789 प्रीलिटिगेशन प्रकरण रेफर्ड किए गए थे, जिनमें से 1075 प्रीलिटिगेशन प्रकरण लोक अदालत के माध्यम से निपटाए गए। इसके परिणामस्वरूप 3,14,26,775/- रुपये की वसूली हुई और 1857 व्यक्ति लाभान्वित हुए। इस आयोजन से जिले में न्यायालयों में लंबित प्रकरणों के त्वरित समाधान और नागरिकों को न्याय पहुंचाने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल हुई।