नीमच। सांदीपनि विद्यालय, नीमच कैंट के प्राचार्य के. एस. जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य शिक्षा केंद्र, भोपाल द्वारा आयोजित प्रतियोगिता के प्रथम चरण में विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
इस प्रतियोगिता में जनशिक्षा केंद्र अंतर्गत शालाओं के कक्षा 2 से 8 तक के विद्यार्थियों ने हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत, पर्यावरण, गणित, विज्ञान एवं सामाजिक विज्ञान विषयों में परीक्षा दी। नियमों के अनुसार प्रत्येक विद्यालय से कक्षा 6 से 8 के 10-10 विद्यार्थी तथा कक्षा 2 से 5 के 3-3 विद्यार्थी ही परीक्षा में सम्मिलित हो सकते थे।
इसी क्रम में सांदीपनि विद्यालय से कुल 40 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जिनमें से 20 विद्यार्थियों का चयन जिला स्तर की प्रतियोगिता के लिए किया गया है।
प्राचार्य श्री जैन ने बताया कि अब चयनित विद्यार्थियों की अगली परीक्षा के माध्यम से राज्य स्तर पर चयन किया जाएगा, जिसके लिए विद्यार्थियों की तैयारी विद्यालय में निरंतर कराई जा रही है। उन्होंने चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।