उज्जैन। जिला चिकित्सालय में एक मरीज की जटिल स्किन ग्राफ्टिंग सर्जरी सफलतापूर्वक निशुल्क की गई। सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक ने जानकारी देते हुए बताया कि रोहित पिता बंशीलाल, निवासी फाजलपुरा, उज्जैन को लगभग चार माह पूर्व बाइक स्टैंड से चोट लगने के कारण बाएं पैर में गंभीर घाव हो गया था, जो लंबे समय तक ठीक नहीं हो रहा था।
जिला चिकित्सालय में भर्ती होने के बाद मरीज की नियमित ड्रेसिंग कर घाव को साफ किया गया तथा आवश्यक जांचें पूर्ण कर उसे ऑपरेशन के लिए तैयार किया गया। इसके पश्चात सर्जरी विभाग के वरिष्ठ सर्जन डॉ. मुंशी खान के नेतृत्व में डॉ. ए.के. सिंह द्वारा सफलतापूर्वक स्किन ग्राफ्टिंग सर्जरी की गई।
निश्चेतना विभाग से डॉ. दिनेश सिसौदिया एवं डॉ. सपना शर्मा का सहयोग रहा। ऑपरेशन के दौरान ओटी इंचार्ज अमिता गांगुली सहित सुनील पाटीदार, ऋतु, अर्चना, तपन, सचिन, चंदन, राजेश, मुकेश सहित अन्य स्टाफ उपस्थित रहा।
उल्लेखनीय है कि निजी चिकित्सालय में इस प्रकार की स्किन ग्राफ्टिंग सर्जरी पर लगभग एक लाख रुपये का खर्च आता है, जबकि जिला चिकित्सालय में यह संपूर्ण उपचार पूर्णतः निःशुल्क किया गया, जिससे मरीज को बड़ी राहत मिली।