देवास। एमजी हॉस्पिटल रोड स्थित साई मंदिर आज श्रद्धा, विश्वास और सेवा की भावना से सराबोर नजर आया। मंदिर में 37वें प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव एवं निर्माण दिवस के पावन अवसर पर भव्य आयोजन के साथ विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। रंग-बिरंगे फूलों से सुसज्जित साई मंदिर परिसर में कदम रखते ही श्रद्धालुओं को दिव्य शांति और भक्ति का अनुभव हुआ।
मंदिर के पुजारी ने बताया कि बीते 37 वर्षों से निरंतर यह परंपरा निभाई जा रही है, जहां प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया जाता है। इसी परंपरा के अनुरूप आज भी सैकड़ों साई भक्तों ने प्रेम और समर्पण भाव से प्रसाद ग्रहण किया।
भंडारे के दौरान भक्तों के चेहरों पर विशेष श्रद्धा और आनंद झलकता रहा। भक्तों का कहना है कि साई बाबा के दरबार में सच्चे मन से मांगी गई हर मुराद पूरी होती है। इसी अटूट विश्वास के कारण दूर-दराज से श्रद्धालु साई बाबा के दर्शन के लिए पहुंचे और सेवा कार्यों में सहभागिता निभाई।
महोत्सव के दौरान मंदिर परिसर “जय साई राम” के जयकारों से गूंज उठा। पूजा-अर्चना, धार्मिक अनुष्ठान और सेवा भाव ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। आयोजकों द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा और व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा गया, जिससे यह पावन आयोजन शांति और सुव्यवस्था के साथ संपन्न हुआ।