दूदरसी। समाज सेवा में अग्रणी संस्था जैन सोशल ग्रुप ‘उड़ान’ (नीमच) द्वारा स्थानीय माध्यमिक विद्यालय दूदरसी में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को ठंड से बचाव हेतु गरम जर्सियां वितरित की गईं। कार्यक्रम का उद्देश्य जरूरतमंद विद्यार्थियों को सहयोग प्रदान करना रहा।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक अनिल जैन ने अपने पूज्य पिताजी की स्मृति में विद्यार्थियों एवं उपस्थित वरिष्ठजनों को एक-एक पेन भेंट कर उपहार प्रदान किए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए संस्था अध्यक्ष डॉ. एम.एल. जैन ने कहा कि “समाज सेवा का भाव यदि मन में हो तो सहृदय से किया गया दान प्रकाश बनकर चारों ओर फैलता है।” उन्होंने संस्था की गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि जैन सोशल ग्रुप उड़ान विगत छह वर्षों से निरंतर गरीब, जरूरतमंद एवं दिव्यांगजनों की सेवा कर रहा है। उन्होंने कहा कि कोई भी कार्य छोटा या बड़ा नहीं होता, बस उसे करने की नीयत होनी चाहिए। सेवा के कार्य में एकजुटता से कारवां आगे बढ़ता है और समाज का सहयोग स्वतः प्राप्त होता है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि लक्ष्मीनारायण पाटीदार (पूर्व सरपंच) एवं विशेष अतिथि संकुल प्राचार्य मुकेश कुमार जैन ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए संस्था के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर शाला विकास समिति अध्यक्ष उदयलाल बंजारा, सरपंच प्रतिनिधि शंभुलाल मेघवाल, संस्थापक अध्यक्ष आशा सांभर, सचिव घनश्याम बाफना, मंजू सहलोत, आशीष सहलोत, स्वतंत्र बोकड़िया, अजीत चौधरी, प्रकाश जैन सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. मुकेश कुमार जैन ने किया तथा आभार प्रदर्शन शिक्षक नंदलाल पाटीदार द्वारा किया गया।