आंतरी। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय आंतरी के संकुल प्राचार्य युवराज चंदेल द्वारा विगत वर्षों की तरह इस वर्ष भी विद्यार्थियों के हित में अवकाश के दिनों में कक्षा अध्यापन कराया जा रहा है। यह विशेष कक्षाएं प्रातः 10:30 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक आयोजित की जा रही हैं।
इन कक्षाओं में विशेष रूप से वे कमजोर विद्यार्थी शामिल हैं, जिनका अर्धवार्षिक परीक्षा परिणाम के आधार पर गणित विषय में ग्रेड D एवं E रहा है। इन अतिरिक्त कक्षाओं का उद्देश्य विद्यार्थियों को सुदृढ़ बनाकर वार्षिक परीक्षा में 100 प्रतिशत परिणाम सुनिश्चित करना है।
विद्यालय में सत्र 2024-25 के दौरान भी गणित विषय की रविवार एक्स्ट्रा कक्षाएं लगाई गई थीं, जिसका सकारात्मक परिणाम सामने आया और बोर्ड परीक्षा में 100% रिजल्ट प्राप्त हुआ। इस उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धि के लिए 15 अगस्त 2025 को कलेक्टर महोदय नीमच एवं अनुविभागीय अधिकारी महोदय मनासा द्वारा युवराज चंदेल को सम्मानित किया गया।
उल्लेखनीय है कि प्रातः 10:30 बजे विद्यार्थियों के अभिभावक स्वयं उन्हें विद्यालय छोड़ने आते हैं और कक्षा समाप्ति के बाद पुनः लेने आते हैं। इस समर्पित प्रयास की ग्रामीणों द्वारा भी सराहना की जा रही है।
पूर्व में युवराज चंदेल द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुकड़ेश्वर, हाई स्कूल जालीनेर एवं हाई स्कूल लोड़किया में भी रविवार अवकाश के दिन गणित विषय की अतिरिक्त कक्षाएं संचालित की गई थीं, जिनका परिणाम भी गणित विषय में 100 प्रतिशत सफलता के रूप में सामने आया।